Home » अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का मुख्य सरगना बिजनौर से गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का मुख्य सरगना बिजनौर से गिरफ्तार

चोरी की दो घटनाओं का खुलासा, कीमती तार व चोरी की बाइक बरामद
संवाददाता
चमोली। चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंर्तराज्यीय चोर गिरोह के मुख्य सरगना को बिजनौर ेसे गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से कीमती तार व चोरी की बाइक बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार बीते 8 दिसम्बर को अरुण बासकण्डी निवासी ग्राम विशाल द्वारा थाना पोखरी में तहरीर देकर बताया गया था कि हापला गोपेश्वर रोड पर बामनाथ से थोड़ा आगे रखे टाटा कंपनी के कीमती बिजली के तार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। ये तार टीएचडीसी पीपलकोटी परियोजना के तहत पोल गाड़ने और तार खींचने के कार्य में प्रयुक्त होने थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी।
इसके ठीक अगले ही दिन, दिनांक 9 दिसम्बर को सतेन्द्र सिहं बिष्ट निवासी हाल पता पीएनबी त्रिशूला, पोखरी ने एक और तहरीर देकर बताया गया कि पीएनबी बैंक त्रिशूला से लगभग 100 मीटर आगे, देवखाल के पास से अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। क्षेत्र में हो रही लगातार चोरियों के मामलो को देखते हुए पुलिस ने गम्भीरता से चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। और मिली सूचनाओं के बाद कोटद्वार (जनपद पौड़ी गढ़वाल), जनपद हरिद्वार, और उत्तर प्रदेश के अकबराबाद (जनपद बिजनौर) क्षेत्रों में दबिशें दीं। आखिरकार, पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली और इन दोनों सनसनीखेज अपराधों के मुख्य आरोपी सलीम पुत्र नफीस निवासी अकबराबाद, थाना कोतवाली देहात, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। थाने लाकर की गयी पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले कुछ दिनों से हापला गोपेश्वर मोटर मार्ग पर सड़क किनारे रखे कीमती तारों की लगातार चोरी कर रहा था। 8 दिसम्बर की रात को जब वे तार चोरी कर रहे थे, तभी उन्हें पुलिस के आने की भनक लगी। वे अपने पिकअप वाहन में बैठकर भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और उनकी गाड़ी अचानक मौके पर ही बंद हो गई। पुलिस के पीछा करने के डर से, वे अपनी पिकअप गाड़ी को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
बताया कि घर जाने का कोई साधन न होने पर, उन्होंने पीएनबी बैंक त्रिशूला के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ा और उसे चुरा लिया। वे सभी उस पर बैठकर नंदप्रयाग के रास्ते घर जा रहे थे, लेकिन सुबह होने और पुलिस द्वारा पकड़े जाने के डर से, उन्होंने चोरी की गई मोटरसाइकिल को नंदप्रयाग और सैकोट के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और सवारी गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदप्रयाग—सेकोट मोटर मार्ग से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही चोरी के तार बरामद कर लिये गये है। पुलिस अब उसके गैंग के अन्य चोरों की तलाश में जुट चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *