Home » हादसाः कार खाई में गिरी, तीन की मौत दो गम्भीर घायल

हादसाः कार खाई में गिरी, तीन की मौत दो गम्भीर घायल

संवाददाता
चमोली। सड़क दुर्घटना में देर रात एक खड़ी कार के अचानक खाई में गिर जाने से जहंा दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गयी वहीं दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतकों व घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहंा घायलों का उपचार जारी है।
सड़क दुर्घटना का यह मामला जिले के देवाल क्षेत्र में बीती देर शाम सामने आया है। यहंा मोपाटा सड़क पर ढलान पर खड़ी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। वहीं एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि मोपाटा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद चौड़ और कोटेड़ा गांव के पांच लोग लौट रहे थे। सभी लोग लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचे और चौड़ गांव निवासी नारायण सिंह की कार में सवार हुए। बताया गया कि कार ढलान पर खड़ी थी और जैसे ही लोग बैठना शुरू हुए, वाहन अचानक पीछे की ओर खिसक गया और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे के समय कार चालक वाहन में बैठा भी नहीं था। दुर्घटना में चौड़ गांव की बसंती देवी (38), पत्नी कुंवर सिंह, और मोहनी देवी (48), पत्नी स्व. मान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इसी गांव के भजन सिंह (65), पुत्र वादर सिंह ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में ज्योति (22), निवासी कोटेड़ा गांव और खिलाप सिंह, निवासी चौड़ गांव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का प्राथमिक उपचार देवाल स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *