Tuesday, November 17, 2026
Homeउत्तराखंडसड़क हादसों में 12 की मौत, 36 घायल

सड़क हादसों में 12 की मौत, 36 घायल

  • बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, आठ की मौत
  • रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रही मैक्स दुर्घटनाग्रस्त, चार बारातियों ने गंवाई जान

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ी सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर यातायात सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस हादसे में आठ लोगों की मौत और करीब 26 लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में शादी समारोह से लौट रही बारातियों की मैक्स गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास भीषण हादसा हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ-बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस संख्या UK09PA9779 अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के जवानों ने गहरी खाई में उतरकर घायलों और यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को सड़क तक पहुंचाने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।एसडीआरएफ के इंचार्ज कविंद्र सजवाण के अनुसार, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में आठ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। कई यात्री घायल हुए हैं। रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
दूसरा दर्दनाक हादसा रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में कंडारा सड़क पर सोमवार रात हुआ। पोखरी में आयोजित शादी समारोह से बारातियों को लेकर लौट रही मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में रांसी-गोंडार क्षेत्र के दस लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो घायलों को मामूली चोटें आईं।
थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल एवं एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, कालीमठ वार्ड के पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे।
लगातार हुए इन हादसों ने उत्तराखंड की पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा की चुनौती को फिर उजागर कर दिया है। एक ओर तीर्थयात्रियों से भरी बस गहरी खाई में समा गई, तो दूसरी ओर शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे बारातियों का सफर मौत के मातम में बदल गया। दोनों घटनाओं ने प्रभावित परिवारों और पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं पर व्यक्त किया गहरा दुःख
घायलों के समुचित उपचार के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश—बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, जनपद रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र तथा जनपद टिहरी गढ़वाल की दोगी पटृी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना प्रभावितों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments