देहरादून। ननूरखेड़ा स्थित निदेशक प्रारंम्भिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल पर हमला करने के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने रायपुर क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
विदित हो कि बीते शनिवार को रायपुर क्षेत्रान्तर्गत ननूरखेडा स्थित प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखण्ड के निदेशक कार्यालय में एक प्रकरण के सम्बन्ध में भाजपा विधायक रायपुर उमेश शर्मा काउ व उनके साथ आये अन्य व्यक्तियों द्वारा निदेशक प्रार्थमिक शिक्षा से वार्ता की जा रही थी। इस दौरान हुए विवाद में कुछ व्यक्तियों द्वारा निदेशक कार्यालय में अराजकता फैलाते हुए कार्यालय में रखी कुर्सियों व अन्य सामान को इधर उधर फेंकते हुए तोड फोड की गयी, उक्त घटना में कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को चोटें आई। घटना के सम्बन्ध में अजय कुमार नौडियाल, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा उत्तराखण्ड द्वारा थाना रायपुर में दी गयी तहरीर तथा उसमें संलग्न मेडीकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी, साथ ही सम्बन्धित प्रकरण में ही विधायक उमेश शर्मा काउ की सुरक्षा में तैनात कां. सुशील रमोला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर भी मुकदमा दर्ज किया गया। उक्त घटना में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, प्राप्त साक्ष्यों व वीडियो फुटेजों के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार लोगोें को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके नाम अरविन्द पुण्डीर उर्फ कल्ली पुत्र स्व. मगन सिंह पुण्डीर निवासी नूनरखेडा, थाना रायपुर, देहरादून, लक्ष्मण नवानी पुत्र स्व. भुवनेश्वर प्रसाद निवासी शिवलोक कालोनी, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून, राकेश थपलियाल पुत्र स्व. आर.पी. थपलियाल निवासी तपोवन रोड, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून व अक्षय राणा पुत्र संग्राम सिंह राणा निवासी सौंधोवाली, थाना रायपुर, देहरादून बताये जा रहे हैै। जिन्हे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
शिक्षा निदेशालय मे मारपीट व तोड़ फोड़ प्रकरण— हिस्ट्रीशीटर सहित चार गिरफ्तार


