Home » उत्तराखण्ड के थानो को बम बिस्फोट से उड़ा देने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

उत्तराखण्ड के थानो को बम बिस्फोट से उड़ा देने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

हमारे संवाददाता
देहरादून। सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखण्ड के सभी थानों को बम विस्फोट से उड़ा देने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से मामले में प्रयुक्त मोबाइल बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार बीती 21 जून को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईलैक्ट्रानिक डीवाईस का उपयोग करते हुए उत्तराखण्ड में स्थित सभी पुलिस थानो को बम के धमाके से उड़ा देने से सम्बन्धित धमकीपूर्ण पोस्ट वायरल किया गया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी थी। जांच के दौरान पुुलिस टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस, साइबर विश्लेषण एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण करते हुए आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिये जानकारियां एकत्रित की गई। विभिन्न तकनीकी माध्यमों एवं सूचनाओं के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन चिन्हित करते हुए बीती रात आरोपी जसप्रीत सिंह पुत्र स्व. जोगिन्द्र सिंह को भूसा स्टोर के पास वाली गली, कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों एवं निहंग सिखों के मध्य हुए विवाद तथा उसके उपरांत हुई पुलिस कार्रवाई से वह आक्रोशित था। उक्त घटनाओं से संबंधित सोशल मीडिया रील देखने के बाद उसने लोगों में आतंक एवं भय का वातावरण उत्पन्न करने तथा उत्तराखण्ड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से टिप्पणी करते हुए 25 जून 2026 को उत्तराखण्ड के सभी थानों में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से धमकीपूर्ण टिप्पणी पोस्ट करने वाले मोबाइल फोन को बरामद किया गया है, उक्त बरामद मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *