देहरादून। रायपुर क्षेत्र में शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी अभी अन्य साथियों सहित फरार है जिनकी तलाश जारी है। फायरिंग की यह घटना पुरानी रंजिश के तहत अंजाम दी गयी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बीती 4 जुलाई को दिवाकर खण्डूडी पुत्र जमानन्द खण्डूडी निवासी बंजारावाला राजेन्द्र विहार, देहरादून ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि 3 जुलाई की रात के समय करीब 9 बजे वह अपने दोस्त नवीन राणा तथा रोहन कुमार के साथ रिंग रोड शराब के ठेके के बाहर खडे थे, इस दौरान तीन चार अज्ञात लोग दौडते हुए आये, जिनके द्वारा अपने पास रखी पिस्टल से 2 फायर किये गये, जिनमें से एक गोली उनके साथी नवीन राणा के कंधे पर तथा 1 गोली पास से गुजर रहे एक अन्य व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा के पैर पर लगी, जिन्हें उनके द्वारा तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां वह दोनो उपचाराधीन है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। घटना में घायल व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा से पूछताछ के आधार पर घटना में बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान व उसके साथियों की संलिप्ता प्रकाश में आयी, जिनकी घायल व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा से पूर्व से रजिंश चल रही थी। जिस पर तत्काल अलग—अलग टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु गैर प्रान्त व अन्य सम्भाविंत स्थानों पर रवाना किया गया। जिनमें से आज सुबह घटना में शामिल 3 आरोपियों अरुण कुमार उर्फ छोटू पुत्र दयाराम, निवासी आदर्श कॉलोनी, रिंग रोड, रायपुर, देहरादून मूल निवासी वहुपुरा महलकी, थाना कोतवाली, जनपद बिजनौर, सन्नी कुमार पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी किद्दूवाला थाना रायपुर देहरादून मूल निवासी ग्राम रतूपुरा थाना रायपुर, जनपद बिजनौर व आदर्श सिंह पुत्र जयपाल सिंह निवासी हाल शिमला बायपास रोड ग्राम मोजमपुर, पोस्ट बरमपुर, थाना कीरतपुर, जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान, जो कीरतपुर बिजनौर में रहता है, का पूर्व में बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान घायल कमेन्द्र शर्मा व उसके साथियों से विवाद हो गया था तथा तब से ही उनके मध्य आपस में रजिंश चली आ रही थी। आरोपियोंं द्वारा लगातार घायल कमेन्द्र शर्मा के दोस्त अक्षय, जो गुडगांव में रहता है, को लगातार फोन कर गाली—गलौच व धमकी दी जा रही थी, इस सम्बंध में अक्षय द्वारा कमेन्द्र शर्मा को फोन कर जानकारी दी गई, जिस पर कमेन्द्र शर्मा, जो वर्तमान में दीपनगर देहरादून में रह रहा है, अपने अन्य साथियों के साथ अक्षय प्रधान व उसके साथियों कोे सबक सिखाने के लिये 6 नम्बर पुलिया के पास पहुंचा, जहां पर उसका अक्षय प्रधान, जो अपने साथियों सन्नी व अरूण से मिलने देहरादून आया था, के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग की घटना में एक गोली कमेन्द्र के पैर पर तथा एक अन्य गोली पास खडे एक अन्य व्यक्ति नवीन राणा के कंधे पर लग गई। बहरहाल पुलिस अब मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान व उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
रायपुर में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा, तीन गिरफ्तार घटना में घायल एक युवक की चल रही थी आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश पूर्व में बिजनौर में शादी समारोह के दौरान हुआ था विवाद


