संवाददाता
देहरादून। इंस्टाग्राम आईडी पर चोरी के हीरे के हार का प्रशर्दन करना नौकरानी को महंगा पड गया। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आज यहां इसकी जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि एक जुलाई 2026 को श्रीमती नितिशा वत्स निवासी सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क द्वारा थाना राजपुर पर एक लिखित तहरीर दी गई कि करीब 01 वर्ष पूर्व उनके द्वारा अपने घर में रखे हीरे व अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया तो वे उन्हें घर पर कहीं नहीं मिले, जिस पर उन्हें लगा कि उनके द्वारा उक्त आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है जो उन्हें याद नहीं आ रहा है। किन्तु तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं। कुछ दिन पूर्व उनके किसी परिचित द्वारा उन्हें बताया गया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में हीरे का हार के साथ अपनी एक फोटो लगाई है जो उनके खोये/चोरी गए हीरे के हार से मिलता जुलता है, जिस पर उनके द्वारा उक्त फोटो को चैक किया गया तो उक्त फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी तथा उसके द्वारा फोटो में पहने गये आभूषण उनके पूर्व में खोये हुए आभूषणों से हूबहू मिलते जुलते थे। उन्हें शक है कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका द्वारा ही उक्त आभूषणों को घर से चोरी किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे तथा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु उनके द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल थाना राजपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया, गठित पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त आरोपी के सम्बन्ध में जानकारी हेतु सुरागरसी पतारसी करते हुए स्थानीय तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मिली सूचना पर आज घटना में शामिल महिला विमला पत्नी रंजीत निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया। जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा घटना में चोरी किये गये हीरे व सोने के आभूषण बरामद किये गये। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह श्रीमती नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का कार्य करती थी। उनके घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वह अक्सर देखा करती थी, जिस कारण उसके मन में उन गहनो को चोरी कर लेने का लालच आ गया तथा करीब 01 वर्ष पूर्व उसके द्वारा मौका देखकर लॉकर से हीरे व सोने के कीमती आभूषण चुरा लिये। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ तथा उसके द्वारा भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उनके द्वारा उक्त गहनों को शायद कहीं अन्यत्र रख दिया है अथवा अपने किसी परिचित को दिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह उक्त चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वह बिक नहीं पाए। वह अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी पर अचानक इतने समय बाद वह पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई यह उसे नहीं पता। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इंस्टाग्राम पर हीरे के हार का प्रदर्शन करना नौकरानी को पड़ा महंगा गिरफ्तार


