Home » श्रीनगर नगर निगम की मेयर हुई भाजपा में शामिल 10 पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन

श्रीनगर नगर निगम की मेयर हुई भाजपा में शामिल 10 पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन

हमारे संवाददाता
देहरादून। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने आज देहरादून स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ उनके पति एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी सहित श्रीनगर नगर निगम के 10 पार्षदों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में दो कांग्रेस पार्षद राजकुमार और अनुराग चौहान भी शामिल हैं, जिन्होंने कांग्रेस से अलग होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। श्रीनगर नगर निगम से भाजपा की सदस्यता लेने वाले पार्षदों में विजय चमोली, मीना भारती, सोनू, भावना चौहान, अंजली भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली के नाम शामिल हैं। इस मौके पर श्रीनगर गढ़वाल के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मेयर आरती भंडारी का राजनीतिक अनुभव काफी लंबा रहा है। वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख भी रह चुकी हैं। करीब एक वर्ष पहले हुए श्रीनगर नगर निगम चुनाव में आरती भंडारी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने लगभग 1,600 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर श्रीनगर नगर निगम की पहली महिला महापौर बनने का गौरव हासिल किया था। अब उनके भाजपा में शामिल होने और उनके साथ नगर निगम के पार्षदों के पार्टी में आने से श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में इसे एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *