हरिद्वार। पुरानी रंजिश के चलते प्रधान पति ने देर रात अपने सगे भाई पर फायर झोंक दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। जबकि सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहंा उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मामला कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव का है। यहंा देर रात पुरानी रंजिश के चलते प्रधान पति ने अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बाजुहेड़ी गांव निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बीती देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। वारदात के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुरानी रंजिश में भाई ने भाई को मारी गोली, गम्भीर


