Home » गुमशुदगी निकली हत्याः प्रेमिका ने प्रेमी को लगाया ठिकाने

गुमशुदगी निकली हत्याः प्रेमिका ने प्रेमी को लगाया ठिकाने

  • साथियों संग गला दबाकर किया कत्ल
  • लाश को गंगनहर में धकेला
  • प्रेमिका व उसका साथी गिरफ्तार

हरिद्वार। गुमशुदगी मामले में जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह हत्या की वारदात है। पुलिस ने इस प्रकरण में गुमशुदा युवक की नाबालिग प्रेमिका व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य लोग फरार है जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार बीती 13 अगस्त को चन्द्रपुरी राणा चौक निवासी एक व्यक्ति ने अपने 18 वर्षीय बेटे के गायब होने के संबंध में दी गई शिकायत पर कोतवाली गंगनहर में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया गया था कि गुमशुदा युवक दीपक दिनांक 10 अगस्त को करीब रात 8 बजे घर से मोटर साइकिल लेकर निकला था लेकिन घर नहीं लौटा, मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुमशुदा दीपक रावत का प्रेम प्रसंग मकतूलपुरी निवासी नाबालिग किशोरी के साथ चल रहा था। किशोरी दीपक से शादी करना चाहती थी, परन्तु दीपक के परिजनों ने दोनों की उम्र कम होने की वजह से रिश्ते के लिए मना कर दिया। जुटाए गए विभिन्न सबूतों के आधार पर पुलिस को पता चला कि युवती का सम्पर्क राजा शर्मा उर्फ सुखविंदर नामक युवक से भी है। पुलिस ने जांच में यह भी पाया कि दीपक रावत द्वारा पिछले कुछ समय से शादी की बात को लेकर किशोरी से दूरी बनाना शुरु कर दिया। दीपक रावत किशोरी के साथ दोस्ती के दौरान कई बार सम्बन्ध बना चुका था। इसी दौरान किशोरी की दोस्ती गाजियाबाद निवासी अपनी मौसी के पड़ोसी राजा शर्मा उर्फ सुखवेन्दर से हो गई। युवती के पूर्व प्रेम प्रसंग का पता राजा शर्मा को लगा तो उसने दीपक को फोन कर किशोरी से दूर रहने की चेतावनी भी दी। इधर दीपक रावत युवती को लगातार सम्बन्ध बनाने के लिए दबाव डालने पर किशोरी द्वारा यह बात राजा शर्मा को बतायी गयी, जिस पर राजा शर्मा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दीपक रावत को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। प्लान के अनुसार 10 अगस्त को युवती ने दीपक रावत को फोन कर उसे अपनी मौसी के घर मोदीनगर छोड़ने के लिए कहा। दीपक रावत अपनी मोटरसाइकिल में युवती को बैठाकर मोदीनगर गाजियाबाद गया। सुभारती मेडिकल कॉलेज के पास राजा शर्मा अपने 2 दोस्तों के साथ स्कूटी पर मिले, जिन्हें युवती द्वारा अपनी मौसी का पड़ोसी बताया गया। उक्त लोग दीपक रावत को अपने साथ लेकर छोटा हरिद्वार के पास नहर पटरी पर ले गये, जहां रात को करीब 10 बजे राजा शर्मा व उसके साथियों द्वारा दीपक रावत की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे गंग नहर में फेंककर दीपक रावत की मोटरसाइकिल को लेकर फरार हो गये। जांच के दौरान पता चला कि राजा शर्मा हत्या के बाद से लगातार मोदीनगर स्थित अपने घर से फरार था, जिसके विषय में जानकारी मिली कि राजा शर्मा अपने दोस्त के साथ मुम्बई चला गया है, जिस पर पुलिस टीम मुम्बई रवाना हुई। वही इस दौरान किशोरी की निशादेही पर राजा के साथी मोहसीन को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी व मोहसीन की निशादेही पर पुलिस द्वारा दीपक रावत के शव को देहरा झाल थाना धौलाना जनपद हापुड़ उ.प्र. से बरामद किया। मृतक दीपक रावत के शरीर का थाना धौलाना द्वारा पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *