Home » ब्यूटीशियन की हत्या, लिव इन पार्टनर गिरफ्तार

ब्यूटीशियन की हत्या, लिव इन पार्टनर गिरफ्तार

संवाददाता
हरिद्वार। ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या मामले मेें पुलिस ने एसीएमओ के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ब्यूटीशियन के साथ पिछले लम्बे समय से लिव—इन में रह रहा था।
मामला हरिद्वार स्थित शिवलोक कालोनी का है। जानकारी के अनुसार बीती रात हरिद्वार में एसीएमओ के चालक मुकेश पुजारी ने अपनी महिला मित्र की हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पिंकी चौधरी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शिवलोक कॉलोनी की रहने वाली थी और एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी।
गुरुवार देर रात हुई इस वारदात का पता सुबह 5 बजे चला जब पुलिस को महिला का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जिला अस्पताल में तैनात चालक मुकेश पुजारी ने ही पिंकी की हत्या की है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी मुकेश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मुकेश पुजारी ने पिंकी के सर में रोड मारी है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ आरवी सिंह ने पुष्टि की है कि मुकेश की नियुक्ति स्थाई है और घटना की जानकारी उन्हें मिली है। फिलहाल वो एसीएमओ का चालक था। आरोपी मुकेश पुजारी ने खुद ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं जांच में सामने आया है कि मृतका पिंकी अपने पहले पति से अलग होकर बेटी के साथ रहती थीं। मुकेश, जो शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है, कुछ वर्षों से पिंकी के साथ लिव—इन में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शक के चलते गुस्से में आकर मुकेश ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को घटना की सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *