Home » नौगाम पुलिस थाने में मरने वालो की संख्या बढी

नौगाम पुलिस थाने में मरने वालो की संख्या बढी

12 लोगों की मौत, कई गम्भीर घायल करोड़ो का नुकसान
संवाददाता
श्रीनगर। नौगाम पुलिस थाने में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़ चुकी है। अब यह आंकड़ा बढ़कर 12 हो चुका है। जबकि कई लोग गम्भीर रूप से घायल बताये जा रहे है। वहीं आसपास के मकान क्षतिग्रस्त हो चुके है जिससे करोड़ो रूपये के नुकसान की आश्ंाका जताई जा रही है।
डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी सफेदपोश आतंकवादी मॉड्यूल के संबंध में फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक सामग्री के नमूने ले रहे थे। बताया कि बीती रात हुई इस घटना में मारे गए लोगों में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के तीन लोग, एक नायब तहसीलदार समेत राजस्व विभाग के दो लोग, दो पुलिस फोटोग्राफर, राज्य जांच एजेंसी का एक सदस्य और एक दर्जी शामिल हैं। उन्होने बताया कि रसायनों की अस्थिर प्रकृति के कारण यह विस्फोट हुआ है। बताया कि यह सामग्री गिरफ्तार चिकित्सक मुजम्मिल गनई के किराए के आवास से बरामद 360 किलोग्राम विस्फोटक का हिस्सा थी।
अधिकारियों का कहना है कि कम से कम 24 पुलिसकर्मियों और तीन आम नागरिकों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद रात के सन्नाटे में एम्बुलेंस एवं पुलिस वाहनों के सायरन गूंजने लगे और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। लगातार हुए छोटे—छोटे विस्फोटों के कारण बम निरोधक दस्ते के लिए तत्काल बचाव अभियान चलाना मुश्किल हो गया था। पुलिस के आलाधिकारियों का कहना है कि बरामद विस्फोटकों में से कुछ को पुलिस की फोरेंसिक प्रयोगशाला में रखा गया है जबकि 360 किलोग्राम विस्फोटकों का बड़ा हिस्सा पुलिस थाने में रखा गया था। इस थाने में आतंकवादी मॉड्यूल के संबंध में प्राथमिक मामला दर्ज किया गया है।
डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि अक्टूबर के मध्य में नौगाम के बनपोरा में दीवारों पर पुलिस और सुरक्षा बलों को धमकी देने वाले पोस्टर दिखाई देने के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ। श्रीनगर पुलिस ने इस घटना को गंभीर खतरा मानते हुए 19 अक्टूबर को मामला दर्ज किया था। जिसमें जांच के दौरान तीन संदिग्धों के सामने आने पर उन्हे गिरफ्तार किया गया था। जिनके नाम आरिफ निसार डार उर्फ साहिल, यासिर—उल—अशरफ और मकसूद अहमद डार उर्फ शाहिद हैं। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने शोपियां के एक पूर्व पराचिकित्सक से इमाम बने मौलवी इरफान अहमद को गिरफ्तार किया जिसने उन्हे पोस्टर मुहैया कराए थे। इस आधार पर श्रीनगर पुलिस अंततः फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविघालय पहुंची, जहां से उसने डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई और डॉ. शाहीन सईद को गिरफ्तार किया। यहीं से अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर सहित रसायनों का विशाल भंडार जब्त किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *