कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार व आपदा राहत पर सरकार को घेरा
- राजभवन कूच के दौरान पुलिस के साथ धक्का—मुक्की
- वोट चोरो, गद्दी छोड़ो के नारों की भी गूंज सुनाई दी
देहरादून। इन दिनों मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता दिल्ली से लेकर दून तक सरकार पर हमलावर है। सदन से लेकर सड़कों तक अब कांग्रेसियों ने सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। देहरादून में आज सूबे के कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा राजभवन का घेराव किया गया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमकर बवाल काटा। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नोंक झोंक भी हुई।

विपक्ष कांग्रेस के नेताओं द्वारा सूबे की बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार तथा आपदा प्रबंधन में सरकार की नाकामियों को लेकर राजभवन कूच का आयोजन किया गया था। जिसके लिए सुबह से ही कांग्रेस भवन में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होना शुरू हो गया था। भारी संख्या में जमा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जब प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और हरक सिंह तथा यशपाल आर्य व प्रीतम सिंह सहित समस्त बड़े नेताओं के साथ राजभवन की तरफ हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर कूच शुरू किया तो सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का आरोप है कि धामी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। इन नेताओं द्वारा सरकार के संरक्षण में अपराधों को बढ़ावा मिलने की बात करते हुए कहा गया कि राज्य में होने वाले सभी अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्ता देखी जा रही है। जिसके कारण पुलिस इन अपराधियों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है तथा बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा है। इन दिनों भाजपा के खिलाफ आग उगल रहे डा. हरक सिंह का कहना है कि राज्य में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। बदमाशों के खौफ से लोग आत्महत्याएं कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक माह से राज्य के लोग मानसूनी आपदा की मार झेल रहे हैं। धराली में आई आपदा पीड़ितों तक पहुंचने के लिए 20 दिन में सड़कों को ठीक नहीं किया जा सका है तथा आपदा प्रभावितों तक समुचित सहायता नहीं पहुंच पाई है। वही सत्ता में बैठे लोगों का उनके दुख दर्द से कुछ भी लेना—देना नहीं है।

पंचायत चुनाव में हुई धांधली और अनियमितताओं के मुद्दे पर आज कांग्रेसियों ने जबर्दस्त हमला बोला इस प्रदर्शन के दौरान ट्टवोट चोरों गद्दी छोड़ो, के नारों की भी गूंज सुनाई दी। कुछ लोगों ने यह नारा लिखी तख्तियों कों भी हाथों में ले रखा था। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हाथी बड़कला के पास रोक दिया जहां उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से लेकर नेता विपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, अभिनव थापर व डा. हरक सिंह, लालचंद शर्मा व पूर्व विधायक राजकुमार सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।



