हमारे संवाददाता
पौड़ी। 15 लाख रूपये से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए पुलिस ने साइबर ठगी के मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर ठगी का यह कारोबार नागपुर से संचालित किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार बीती 23 अक्टूबर 2025 को दिनकर कुमार पोखरियाल, निवासी धुमाकोट द्वारा थाना धुमाकोट में तहरीर देकर बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन ट्रेडिंग व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर इन्वेस्ट करने पर 700 प्रतिशत का फायदा दिलाने के नाम पर 15,24,496/— रुपये की ऑनलाईन ठगी की गयी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। मामले में पुलिस ने बैंक खातों के विवरण, डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य तकनीकी जांच के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी संकलित की गई। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप के माध्यम से ठगी का संचालन जयन्त ताराचन्द अन्नापुर्णे द्वारा नागपुर, महाराष्ट्र से किया जा रहा था। उक्त सूचना पर पुलिस द्वारा नागपुर में अलग—अलग जगहों पर दबिश दी गई, जहां पता चला कि आरोपी अपने सहयोगी अजय रामभरोसे वाल्मीकी के साथ एक अन्य धोखाधड़ी प्रकरण में रांची जेल में निरुद्ध है। इस पर विवेचक द्वारा न्यायालय धुमाकोट से आरोपियों का वारंट बी प्राप्त किया गया। जिसके बाद आरोपी जयन्त ताराचन्द अन्नापुर्णे को रांची जेल से लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। साथ ही सह—अभियुक्त अजय रामभरोसे वाल्मीकी को भी वारंट बी के माध्यम से रांची जेल से लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रचलित है।
15 लाख से अधिक की साईबर ठगी का खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार नागपुर से चल रहा था साइबर फ्रॉड का खेल


