संवाददाता
देहरादून। देशभर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते आज सरकारी बैंकों का कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारी फाइव डे वर्किंग की मांग कर रहे हैं। हड़ताल के कारण कैश जमा और निकासी, चेक क्लियरेंस और बैंक के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए है। हालांकि, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसे निजी बैंक सामान्य रूप से काम पर रहे क्योंकि उनके कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने इस देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यह संगठन नौ बैंक यूनियनों का संयुक्त मंच है, जो सरकारी बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। यह फैसला 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई बैठक में कोई समाधान न निकलने के बाद लिया गया था। इसमें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे बड़े सरकारी बैंक शामिल हैं।
एसबीआई के बयान में कहा गया कि हड़ताल के दिन शाखाओं और कार्यालयों में कामकाज सुचारू रखने की कोशिश की गई, फिर भी कुछ सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बैंक यूनियनों की मुख्य मांग है कि हर शनिवार को छुटृी घोषित की जाए। यह प्रस्ताव मार्च 2024 में 12वें द्विपक्षीय समझौते में शामिल किया गया था, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से काम काज प्रभावित


